रायपुर, 20 दिसम्बर 2019/ राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके और मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल आज राजधानी रायपुर स्थित इंडोर स्टेडियम में प्रजापिता ब्रम्हाकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित ‘सर्व मंगल आध्यात्मिक महाकुम्भ‘ में सम्मिलित हुये। राज्यपाल सुश्री ऊइके ने ब्रम्हाकुमारी की शिक्षा का उल्लेख करते हुए जीवन को सफल बनाने के लिए हर व्यक्ति को सहजता, सरलता, नम्रता और धैर्यता की गुणों को धारण करना जरूरी बताया।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि सदियों से छत्तीसगढ़ में संत कबीर, बाबा गुरू घासीदास, महाप्रभु वल्लभाचार्य तथा स्वामी विवेकानंद जैसे महान मनीषियों के चरण पड़े हैं। इनके प्रभाव के कारण लोगों ने यहां शांति, सद्भावना, समरसता और भाईचारे के संदेश को गहराई से आत्मसात् किया है। आज छत्तीसगढ़ की पहचान शांति के टापू के रूप में होती है। इस अवसर पर प्रजापिता ब्रम्हाकुमारी विश्वविद्यालय के राजयोगिनी ब्रम्हाकुमारी जानकी दादी ने आध्यात्मिक और नैतिक विषयों पर व्याख्यान दिया।